बसपा में बढ़ी सियासी गर्मी, टिकट किसकी झोली में गिरेगा? बक्सर खबर। विधानसभा क्षेत्र संख्या 200 की सियासत में इन दिनों बसपा को लेकर हलचल तेज है। एक सप्ताह पूर्व बसपा ने बक्सर विधानसभा से अभिमन्यु कुशवाहा को अपना प्रत्याशी घोषित कर दिया था। घोषणा के बाद से ही अभिमन्यु कुशवाहा ने क्षेत्र में जनसंपर्क अभियान की रफ्तार तेज कर दी थी। यहां तक कि 15 अक्टूबर को नामांकन करने की तिथि भी सोशल मीडिया पर तय कर दी गई थी। लेकिन कहते हैं न “राजनीति में आखिरी गेंद तक कुछ भी मुमकिन है।” सिंबल मिलने से पहले किसी का टिकट पक्का नहीं माना जाता, और अब यही बात बक्सर में सच होती दिख रही है।
दरअसल, नगर परिषद के चेयरमैन प्रतिनिधि नियामतुल्लाह फरीदी भी पिछले कई दिनों से बक्सर से पटना और पटना से लखनऊ तक के राजनीतिक चक्कर लगा रहे हैं। सूत्रों की मानें तो वे लगातार पार्टी हाईकमान से टिकट के लिए कोशिश में जुटे हैं। शनिवार को बसपा प्रदेश कार्यालय, पटना से आई तस्वीरों ने सियासी गलियारे की हलचल और बढ़ा दी है। इन तस्वीरों में नियामतुल्लाह फरीदी के समर्थक बसपा कार्यालय में डटे नजर आ रहे हैं। बताया जा रहा है कि फरीदी स्वयं भी पटना पहुंच चुके हैं और पार्टी पदाधिकारियों से मुलाकात कर रहे हैं।अब बक्सर की राजनीति में सबकी निगाहें इसी पर टिकी हैं कि— बसपा का नीला झंडा किसके कंधे पर टंगेगा? अभिमन्यु कुशवाहा या नियामतुल्लाह फरीदी- टिकट किसे मिलेगा? सियासी गलियारे में फिलहाल एक ही चुटकी चल रही है “फेसबुक पर पोस्ट कर दी तिथि, पर टिकट की बात अभी बाकी …..”