तीन घंटे देसी इलाज में गंवाए, अस्पताल पहुंचते-पहुंचते तोड़ दिया दम बक्सर खबर। औद्योगिक थाना क्षेत्र के साहोपड़ा गांव में रविवार की सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया। घर में सो रहे अनिल पाण्डेय के 17 वर्षीय पुत्र राजा पाण्डेय की कोबरा सांप के डंसने से मौत हो गई। परिजनों ने बताया कि राजा सोया हुआ था, तभी जहरीले कोबरा ने उसे डस लिया। वह दर्द से छटपटाने लगा, लेकिन अफसोस की बात है कि परिवारजन उसे अस्पताल ले जाने के बजाय ओझा-सोखा के पास ले गए। राजा को पहले झाड़-फूंक और देसी इलाज के लिए ओझा के पास ले जाया गया। इस प्रक्रिया में करीब तीन घंटे गुजर गए। जब हालत बिगड़ती गई, तब उसे प्रताप सागर मैथोडिस्ट अस्पताल पहुंचाया गया। लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
राजा रामरेखा घाट पर पूजा-पाठ कर के परिवार का भरण-पोषण करता था। वह आर्थिक रूप से बेहद कमजोर परिवार से ताल्लुक रखता था। घटना के बाद गांव में शोक की लहर है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि पीड़ित परिवार को तत्काल आर्थिक सहायता दी जाए। वहीं, स्नेक रेस्क्यू करने पहुंचे हरिओम ने कोबरा को पकड़कर जंगल में छोड़ा। उन्होंने बताया कि सांप के काटने पर देरी नहीं करनी चाहिए। समय पर एंटी-वेनम इंजेक्शन मिलने से जान बच सकती है।