चौसा में गरजे राकेश टिकैत: जबरन भूमि अधिग्रहण नहीं सहेंगे, देशव्यापी आंदोलन छेड़ेंगे

0
497

—-चौसा थर्मल प्लांट को लेकर किसानों का बड़ा ऐलान, सांसद सुधाकर सिंह ने जल्द समाधान का दिया भरोसा                                                                बक्सर खबर। चौसा स्थित निर्माणाधीन थर्मल प्लांट परिसर में शनिवार को किसानों के हक के लिए आयोजित विशाल किसान सभा में राष्ट्रीय किसान नेता और भारतीय किसान यूनियन के प्रवक्ता राकेश टिकैत ने सरकारों को सख्त चेतावनी दी। उन्होंने कहा कि “किसानों की जमीन जबरन छीनी गई, तो देशव्यापी आंदोलन होगा।” उन्होंने दावा किया कि बिहार के किसानों को सॉफ्ट टारगेट बनाया जा रहा है, ताकि वे अपनी ही जमीन से बेदखल होकर पलायन करने को मजबूर हो जाएं। टिकैत ने कहा कि यहां बाईपास, हाइवे और बड़ी कंपनियों की आड़ में एक संगठित साजिश के तहत किसानों की भूमि छीनी जा रही है। सरकारें परियोजनाओं की आड़ में किसानों को उनके अधिकारों से वंचित कर रही हैं। उन्होंने साफ कहा कि “भूमि अधिग्रहण मुफ्त में नहीं होगा, किसानों को उनका हक और मुआवजा मिलना ही चाहिए।”

उन्होंने यह भी बताया कि वह पहले भी दो बार बक्सर आ चुके हैं और यहां के किसानों की आवाज दिल्ली तक पहुंचाई गई है। उन्होंने किसानों से एकजुट होकर संघर्ष तेज करने की अपील करते हुए कहा, “यह सिर्फ बक्सर की नहीं, पूरे देश के किसानों की लड़ाई है।” कार्यक्रम में मौजूद स्थानीय सांसद सुधाकर सिंह ने किसानों को संबोधित करते हुए कहा कि “जैसे नवी नगर में किसानों को मुआवजा और लाभ मिला, वैसे ही चौसा के किसानों को भी मिलेगा।” उन्होंने आगे कहा कि नई प्रशासनिक टीम से दो दिन बाद बैठक होगी और हम उम्मीद करते हैं कि एक-दो बैठकों में किसानों की मांगें पूरी कर दी जाएंगी, यदि ऐसा नहीं होता तो वे आरएनआर से इस्तीफा देने को तैयार हैं।

सभा में मौजूद किसान

इस मौके पर कांग्रेस नेता डॉ. सत्येंद्र ओझा ने भी सभा को संक्षेप में संबोधित करते हुए कहा कि, “चौसा का पावर प्लांट यहां के लोगों के लिए अभिशाप बन गया है। न मुआवजा मिला, न प्रदूषण नियंत्रण की व्यवस्था की गई। यह सब अत्यंत निंदनीय है।” सभा के दौरान प्रभावित किसान मोर्चा के नेता रामप्रवेश ने भी चेतावनी दी कि यदि किसानों का मकान टूटा या उचित मुआवजा नहीं मिला तो “बुलडोजर किसान नेता की लाश पर चलेगा”। इस सभा में आसपास के कई जिलों से आए प्रमुख किसान नेताओं ने भी शिरकत की और आंदोलन को और तेज करने का संकल्प लिया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here