ज्योति मैरेज हॉल में हुई घटना के बाद ताबड़तोड़ छापेमारी, दो देशी पिस्टल और दो खाली मैग्जीन बरामद बक्सर खबर। फिल्मी स्टाइल में 15 अप्रैल को ज्योति मैरेज हॉल में हुई फायरिंग की घटना के बाद बक्सर पुलिस एक्शन में आ गई है। एसपी शुभम आर्य के नेतृत्व में पुलिस ने ताबड़तोड़ छापेमारी करते हुए 5 अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया है। इतना ही नहीं, पुलिस ने इनके कब्जे से दो देशी पिस्टल और दो खाली मैग्जीन भी बरामद की हैं। घटना के बाद बक्सर पुलिस ने मुफ्फसिल थाने में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी। सीसीटीवी फुटेज और मुखबिरों से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस ने पहले दो अपराधियों को दबोचा। पूछताछ में इन्होंने हथियार और बाकी साथियों के बारे में अहम जानकारी दी।एसपी शुभम आर्य ने मामले की गंभीरता को देखते हुए सदर के डीएसपी धीरज कुमार के नेतृत्व में एक स्पेशल टीम का गठन किया।
इस टीम ने लगातार छापेमारी करते हुए 27 अप्रैल को अटल सिंह उर्फ कृष्णा कुमार सिंह को धर दबोचा। हथियार के बारे में पूछने पर उसने बताया कि यह चक्रहंसी के रहने वाले मंटु सिंह के पास है। पुलिस टीम ने तुरंत चक्रहंसी में मंटु सिंह के घर पर छापा मारा और उसे गिरफ्तार कर लिया। मंटु सिंह ने बताया कि उसने और अटल सिंह ने हथियार पाण्डेय पट्टी के लक्ष्मीकांत दुबे के पास रखे हैं। इसके बाद पुलिस ने लक्ष्मीकांत दुबे के घर पर रेड की और उसे भी गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान पुलिस को लक्ष्मीकांत दुबे के घर से दो देशी पिस्टल और दो खाली मैग्जीन बरामद हुईं।
पुलिस ने इस मामले में शामिल अमन श्रीवास्तव और भोलु उर्फ अमित श्रीवास्तव को भी गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अब बरामद हथियारों के संबंध में मुफ्फसिल थाने में एक और केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई में जुट गई है। पुलिस ने गिरफ्तार किए गए पांचों अपराधियों का आपराधिक इतिहास भी खंगाला है, जो काफी लंबा है। इनमें अटल सिंह पर पहले से ही दो मामले दर्ज हैं, जबकि अमन श्रीवास्तव और भोलु उर्फ अमित श्रीवास्तव पर कई गंभीर आरोप हैं, जिनमें हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट के मामले भी शामिल हैं। मंटु सिंह और लक्ष्मीकांत दुबे पर भी आर्म्स एक्ट के तहत पहले से मामले दर्ज हैं। सोमवार को पुलिस कार्यालय में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में एसपी शुभम आर्य ने इस बड़ी कार्रवाई की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पुलिस अपराधियों पर लगातार शिकंजा कस रही है और जिले में अमन-चैन बनाए रखने के लिए हर संभव प्रयास किया जा रहा है। इस सफल ऑपरेशन को अंजाम देने वाली पुलिस टीम में सदर के डीएसपी धीरज कुमार, मुफ्फसिल थानाध्यक्ष अरविन्द कुमार, पु०अ०नि० युसूफ अंसारी, पु०अ०नि० रविकांत प्रसाद, पु०अ०नि० चंदन कुमार यादव, प्र०पु०अ०नि० चंदन कुमार, स०अ०नि राज शर्मा और मुफ्फसिल थाना व डीआईयू टीम के सशस्त्र बल शामिल थे।