– भोजपुर राजवाहा में हुई दुघर्टना, बुझ गया चिराग
बक्सर खबर। सोमवार की शाम डुमरांव अनुमंडल के वासुदेवा ओपी थाना क्षेत्र अंतर्गत आथर गांव में एक दर्दनाक घटना हुई है। घर से चॉकलेट खरीदने के लिए पैसा लेकर निकले दो सगे भाइयों की नहर में डूबने से मौत हो गई। उनके नहर में डूबने के करीब एक घंटा बाद किसानों ने जब देखा की नहर में पानी का बहाव रुक गया है तो साफ करने के लिए उसमें मछली पकड़ने के लिए लगाए गए जाल को हटाए तो दोनों मासूमों का शव बरामद हुआ।
इसके बाद वहां अफरा तफरी मच गई। घटना की सूचना पर पहुंचे मृतक के परिजन नहर किनारे ही बेसुध हो गए थे। मृतकों की पहचान संतोष ठाकुर के 5 वर्षीय पुत्र शशि रंजन तथा दो वर्षीय पुत्र रवि रंजन के रूप में हुई है। घटना में संतोष के घर का चिराग बुझ गया है। उनके यही दो पुत्र थे। जिस कारण मृतक के घर चित्कार मचा हुआ है। मासूम बच्चों की मां कल्पना देवी और दादा बिहारी ठाकुर घटना के बाद से ही रह रहकर अचेत हो जा रहे हैं। यही हाल अन्य परिजनों का है। जबकि संतोष ठाकुर विदेश में नौकरी करता है। वह उन बदनसीबों में शामिल है जो मौत के बाद भी अपने लाडलो का मुंह नहीं देख सका।
घटना के दूसरे दिन भी मृतक के घर से चीखने चिल्लाने की आवाजे आती रही। जबकि गांव का माहौल गमगीन बना हुआ है। जानकारी के अनुसार दोनों शाम तीन बजे अपनी मां से पैसे लेकर चॉकलेट खरीदने गांव से पश्चिम स्थित भोजपुर राजवाहा को पार कर दुकान पर जा रहे थे। नहर पुल पार करने के दौरान संभवतः उनका पैर फिसल गया होगा और वे नहर में डूब गए होंगे। करीब एक घंटे बाद किसानों ने जब नहर में लगे जाल को हटाया तो जाल के साथ उनका शव बाहर आ गया। इसके बाद परिजनों को इस घटना की जानकारी हुई। वासुदेवा ओपी प्रभारी विष्णुदेव कुमार ने इसकी पुष्टि की है।






























































































