भाजयुमो की क्षेत्रीय बैठक, बड़ी संख्या में पदाधिकारी और कार्यकर्ता जुटे बक्सर खबर। भारतीय जनता युवा मोर्चा की क्षेत्रीय बैठक सोमवार को अहिरौली स्थित कार्यालय में आयोजित हुई, जिसमें बक्सर और आरा के पदाधिकारी संयुक्त रूप से मौजूद रहे। बैठक में आने वाले 24 अगस्त को ऐतिहासिक किला मैदान में होने वाले राष्ट्रवादी युवाओं के महासंगम की तैयारियों पर चर्चा हुई। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि, भाजयुमो के प्रदेश अध्यक्ष भारतेंदु मिश्रा ने कार्यकर्ताओं से कहा कि यह समय राष्ट्रविरोधी ताकतों को कुचलने का है, और इसमें युवाओं की सबसे अहम भूमिका होगी। उन्होंने युवाओं से 24 अगस्त को किला मैदान में पूरे जोश और अनुशासन के साथ जुटने का आह्वान किया।
विशिष्ट अतिथि भाजपा जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश भुवन ने कहा कि संस्कृति विरोधी और देश विरोधी ताकतों का समूल नाश करना ही समय की मांग है, और इसमें युवा शक्ति ही निर्णायक साबित होगी। बैठक का संचालन भाजयुमो जिलाध्यक्ष अविनाश पांडेय ने किया, जबकि मंच संचालन बिट्टू सिंह ने संभाला। इस मौके पर भाजयुमो के पूर्व राष्ट्रीय उपाध्यक्ष संतोष रंजन राय, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष प्रदीप दुबे, लक्ष्मण शर्मा, प्रदेश उपाध्यक्ष जितेंद्र सिंह, रूपेश दुबे, राजेश सिन्हा, विभु जैन, अक्षय ओझा, सत्येंद्र जी, शिवम, सूर्यभान, दीपक, मनीष, कुलभूषण जी समेत अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।