बक्सर खबर : जल्द ही आपको बक्सर में भी रेल दुर्घटना देखने को मिल सकती है। इसका पूरा इंतजाम रेलवे के पीडब्लू आई विभाग ने कर रखा है। यहां रोज टूटी पटरी से होकर सवारी गाडिय़ां गुजर रहीं हैं। कभी भी आपको यह सूचना मिल सकती है। स्टेशन पर अमुक गाड़ी पटरी से उतरी। इतने घायल, घंटो परिचालन ठप। क्योंकि एक नंबर प्लेटफार्म पर पटरी टूटी पड़ी है। इतना ही नहीं कई स्लीपर भी टूटे पड़े हैं। यह कब क्लीप का साथ छोड़ दे कहना मुश्किल है। इस पर हमारे संवाददाता राजेश रंजन की नजर पड़ी। उन्होंने तस्वीर कैमरे में कैद की। हमें इसकी सूचना मंगलवार की दोपहर में मिली। उसके बाद से कई मर्तबा पीडब्लूआई बक्सर के सरकारी फोन पर संपर्क किया गया। पर उन्होंने फोन नहीं उठाया। इस स्थिति में स्टेशन मास्टर एमके पांडेय से बात की गयी। उन्होंने कहा इस दूसरे विभाग का कार्य है। उन लोगों को इसकी सूचना दी गयी है। पर जिसका काम है। वह तो फोन उठाने को ही तैयार नहीं। दुर्घटना हो जाए तो भला उनका क्या।































































































