बक्सर खबर : गया स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के लिए नामांकन की प्रकिया 13 फरवरी से प्रारंभ हो गई है। इसके साथ ही आदर्श आचार संहिता भी लागू हो गई है। जो 18 मार्च तक जारी रहेगी। जिला निर्वाचन अधिकारी रमण कुमार ने रविवार को इससे जुड़ी जानकारी मीडिया को दी। निर्वाचन आयोग के अनुसार 13 से 20 फरवरी तक नामांकन होगा। 21 को नामांकन पत्रों की जांच होगी। 23 तक नाम वापस लिए जा सकते हैं। 9 मार्च को मतदान होगा व 15 को मतगणना। जिले में कुल 13308 मतदाता इसमें मतदान कर सकते हैं। इनके लिए 18 मतदान केन्द्र बनाए गए हैं। जिनमें 13 मूल तथा पांच सहायक बूथ हैं। शिक्षक मतदाताओं के लिए एमपी हाई स्कूल बक्सर व राज हाई स्कूल डुमरांव में केन्द्र बनेंगे। जहां 1457 लोग वोट डाल सकते हैं। निर्वाचन अधिकारी के अनुसार पेड न्यूज पर नजर रखी जा रही है। इसके लिए वरीय उप समाहर्ता अनुपम कुमारी की निगरानी में अधिकारियों की एक टीम बनी है।
कौन-कौन हैं उम्मीदवार
बक्सर : चुनावी सरगर्मी बढऩे के साथ ही कौन-कौन उम्मीदवार हैं। यह जानने की जिज्ञासा भी पाठकों में देखी जा रही है। अभी तक प्राप्त जानकारी के अनुसार बक्सर जिले से दो उम्मीदवार सामने आए हैं। शिक्षक नेता रामवतार पांडेय जो शहर के राम बाग में रहते हैं। आरा जिला के कोथुआ गांव निवासी भाजपा नेता व वर्तमान विधान परिषद के सभापति अवधेश नारायण सिंह। कैमुर जिला से राजद नेता व पूर्व मंत्री जगतानंद सिंह के पुत्र पुनीत सिंह भी इस रेस में हैं। आने वाले समय में कितने लोग नामांकन दाखिल करते हैं। यह तो समय तय करेगा।


































































































