जिला सांख्यिकी पदाधिकारी की मौजूदगी में वैज्ञानिक पद्धति से मापी गई पैदावार बक्सर खबर। कृषि वर्ष 2025-28 के रबी मौसम के तहत मंगलवार को नावानगर प्रखंड में गेहूं फसल के कटनी प्रयोग का आयोजन किया गया। इस दौरान जिला सांख्यिकी पदाधिकारी मोती कुमार दिनकर ने स्वयं उपस्थित होकर प्रयोग का निरीक्षण किया। कटनी प्रयोग प्रखंड के भटौली पंचायत अंतर्गत गोविंदपुर गांव में किसान राज कुमार सिंह के प्लॉट संख्या-932 पर किया गया। वैज्ञानिक पद्धति के तहत 10 मीटर x 5 मीटर के आयताकार क्षेत्र में कटनी कराई गई, जिसमें कुल 27.100 किलोग्राम उपज प्राप्त हुई। इसके आधार पर प्रति हेक्टेयर औसत उपज 48 क्विंटल आंकी गई।
अधिकारियों ने बताया कि इस तरह के कटनी प्रयोग का मुख्य उद्देश्य सरकार और किसानों को फसल उत्पादन का सटीक अनुमान उपलब्ध कराना है, जिससे कृषि नीति निर्माण और योजनाओं के क्रियान्वयन में मदद मिलती है। इस अवसर पर प्रभारी सहायक सांख्यिकी पदाधिकारी सत्येन्द्र कुमार सिंह, किसान सलाहकार रंजीत कुमार, डाटा एंट्री ऑपरेटर दुर्गेश यादव समेत संतोष कुमार सिंह, विजेन्द्र कुमार सिंह, दशरथ राम, भोला राम और दुर्गा देवी सहित कई लोग मौजूद रहे।































































































