हेलमेट पहनने वालों को दिया गुलाब, बिना हेलमेट वालों को हेलमेट भेंट कर दी नियमों की सीख बक्सर खबर। सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान के तहत मंगलवार को रोटरी क्लब की ओर से स्टेशन रोड स्थित ज्योति प्रकाश चौक पर विशेष अभियान चलाया गया। अभियान का नेतृत्व रोटरी क्लब के अध्यक्ष डॉ. दिलशाद आलम ने किया। इस दौरान रोटरी सदस्यों ने चौराहे पर खड़े होकर वाहन चालकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया। हेलमेट पहनकर बाइक चला रहे लोगों का गुलाब का फूल देकर स्वागत किया गया। वहीं, बिना हेलमेट वाहन चला रहे लोगों को हेलमेट भेंट कर नियमों का पालन करने की अपील की गई। डॉ. दिलशाद आलम ने कहा कि सड़क सुरक्षा प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। हेलमेट का उपयोग जीवन रक्षा का सबसे सरल और प्रभावी उपाय है। उन्होंने कहा कि जान है तो जहान है। थोड़ी सी लापरवाही से जीवन खतरे में पड़ सकता है और परिवार को बड़ी पीड़ा झेलनी पड़ सकती है।
उन्होंने लोगों से बाइक चलाते समय हमेशा हेलमेट पहनने और यातायात नियमों का पालन करने का आग्रह किया। अभियान का उद्देश्य आम नागरिकों में सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाना और हेलमेट पहनने की आदत को प्रोत्साहित करना था। अभियान में क्लब के सचिव एसएम साहिल, पूर्व अध्यक्ष राजेश केशरी, डॉ. मनीष पांडेय, दीपक अग्रवाल, आगामी सत्र के अध्यक्ष निर्मल कुमार सिंह, प्रभुनाथ जी, रामाशंकर कुशवाहा, समाजसेवी ओमजी यादव, रोटरैक्ट सदस्य राहुल कुमार, मनीष कुमार समेत कई सदस्य मौजूद रहे।































































































