एक युवक पटना रेफर, मुआवजे और गिरफ्तारी की मांग को लेकर ग्रामीणों ने सड़क जाम कर किया प्रदर्शन बक्सर खबर। जिले के राजपुर थाना क्षेत्र में रविवार को हुए भीषण सड़क हादसे में दो युवकों की मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना चौसा-कोचस मुख्य मार्ग पर त्रिकालपुर डेरा गांव के समीप हुई। मिली जानकारी के अनुसार, एक अनियंत्रित ट्रक ने बाइक सवार तीन युवकों को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए। हादसे में त्रिकालपुर गांव निवासी लालधर राम के 19 वर्षीय पुत्र विकास राम की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं पवन राम (20 वर्ष) ने इलाज के दौरान सदर अस्पताल में दम तोड़ दिया। घटना में गंभीर रूप से घायल अरुण राम (18 वर्ष) को बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर किया गया है। उसकी हालत चिंताजनक बताई जा रही है।
स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तत्काल राजपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें सदर अस्पताल भेजा गया। घटना के बाद गांव में मातम का माहौल है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। हादसे से नाराज ग्रामीणों और मृतकों के परिजनों ने चौसा-कोचस मुख्य मार्ग को जाम कर दिया। लोग मुआवजे और आरोपी ट्रक चालक की गिरफ्तारी की मांग कर रहे थे। सूचना मिलते ही राजपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने लोगों को उचित कार्रवाई और मुआवजा दिलाने का आश्वासन देकर जाम समाप्त कराया। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।































































































