सबका सम्मान–जीवन आसान कार्यक्रम के तहत जन सुनवाई बक्सर खबर। समाहरणालय परिसर स्थित सभाकक्ष में सोमवार को जिलाधिकारी साहिला की अध्यक्षता में आयोजित जन सुनवाई कार्यक्रम में आम जनता की समस्याओं को गंभीरता से सुना गया। सबका सम्मान–जीवन आसान कार्यक्रम के अंतर्गत आयोजित इस जनता दरबार में जिले के विभिन्न प्रखंडों से आए नागरिकों ने अपनी शिकायतें और समस्याएं सीधे जिलाधिकारी के समक्ष रखीं। इस दौरान कुल 35 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें सर्वाधिक 15 आवेदन राजस्व विभाग से संबंधित थे। वहीं 11 मामले विकास कार्यों से जुड़े थे, जबकि 9 आवेदन अन्य विभागों से संबंधित पाए गए।
जिलाधिकारी ने प्रत्येक आवेदक की समस्याओं को संवेदनशीलता के साथ सुनते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि सभी मामलों का निष्पादन निर्धारित समय-सीमा के भीतर पारदर्शी और न्यायोचित तरीके से सुनिश्चित किया जाएगा। जिलाधिकारी साहिला ने कहा कि जिला प्रशासन आमजन की समस्याओं के समाधान के प्रति पूरी तरह प्रतिबद्ध है और जन सहभागिता को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्राप्त आवेदनों पर शीघ्र कार्रवाई कर आम लोगों को राहत पहुंचाई जाए।
































































































