जिलाधिकारी साहिला की मौजूदगी में सामूहिक गायन से ओत-प्रोत हुआ माहौल बक्सर खबर। वंदे मातरम् के 150 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में सोमवार को जिला प्रशासन के तत्वावधान में समाहरणालय परिसर स्थित सभागार में एक जिला स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण सामूहिक वंदे मातरम् गायन रहा, जिसमें उपस्थित पदाधिकारियों एवं कर्मियों ने पूरे उत्साह के साथ भाग लिया। कार्यक्रम का शुभारंभ वंदे मातरम् के सामूहिक गायन के साथ हुआ, जिससे पूरा सभागार राष्ट्रभक्ति के भाव से ओत-प्रोत हो उठा।
इस अवसर पर जिलाधिकारी साहिला ने उपस्थित सभी पदाधिकारियों एवं कर्मियों को संबोधित करते हुए वंदे मातरम् के ऐतिहासिक महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि वंदे मातरम् भारतीय स्वतंत्रता संग्राम के दौरान देशवासियों के लिए प्रेरणास्रोत रहा है। यह गीत आज भी राष्ट्रभक्ति, एकता और अखंडता का प्रतीक है, जो हमें देश के प्रति अपने कर्तव्यों की याद दिलाता है। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी लोगों ने एक स्वर में वंदे मातरम् का उद्घोष करते हुए राष्ट्र की एकता, अखंडता एवं विकास के लिए संकल्प लिया।
































































































