बांटे गए 83 हजार से अधिक सिलेंडर, कालाबाजारी रोकने के लिए सख्त निगरानी और कंट्रोल रूम सक्रिय बक्सर खबर। जिले में रसोई गैस आपूर्ति को लेकर किसी प्रकार की कमी नहीं है। जिला प्रशासन के अनुसार इंडियन ऑयल, भारत पेट्रोलियम और हिंदुस्तान पेट्रोलियम की कुल 27 गैस एजेंसियों के माध्यम से उपभोक्ताओं तक नियमित आपूर्ति सुनिश्चित की जा रही है। 13 मार्च से 29 मार्च के बीच कुल 83,649 गैस सिलेंडरों का वितरण किया जा चुका है। वहीं 29 मार्च तक एजेंसियों के पास 2,630 सिलेंडर का भंडार भी उपलब्ध है, जिससे आपूर्ति व्यवस्था सामान्य बनी हुई है। जिले में प्रतिदिन औसतन 6,419 सिलेंडरों की मांग के मुकाबले 5,889 सिलेंडरों की आपूर्ति हो रही है। वर्तमान में 24,057 बुकिंग लंबित हैं, जिसे प्रशासनिक निगरानी में तेजी से पूरा किया जा रहा है। बैकलॉग औसतन 4.1 दिनों का है, जिसे कम करने के प्रयास जारी हैं।
गैस वितरण को सुव्यवस्थित बनाए रखने के लिए प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि शहरी घरेलू उपभोक्ता अंतिम डिलीवरी के 25 दिन बाद और ग्रामीण उपभोक्ता 45 दिन बाद ही नया सिलेंडर बुक कर सकते हैं। जिला प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया है कि जिले में एलपीजी गैस की आपूर्ति मांग के अनुरूप हो रही है, इसलिए उपभोक्ताओं को घबराने या अनावश्यक भीड़ लगाने की जरूरत नहीं है। गैस एजेंसियों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों की लगातार जांच की जा रही है। कालाबाजारी और जमाखोरी करने वालों को चिन्हित कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है। उपभोक्ताओं की शिकायतों के त्वरित समाधान के लिए जिला नियंत्रण कक्ष भी स्थापित किया गया है। गैस आपूर्ति से जुड़ी किसी भी समस्या के लिए उपभोक्ता 06183-223333 पर संपर्क कर सकते हैं। अब तक नियंत्रण कक्ष में कुल 486 शिकायतें प्राप्त हुई हैं, जिनमें से 423 का समाधान किया जा चुका है, जबकि शेष पर कार्रवाई जारी है। जिलाधिकारी ने सभी उपभोक्ताओं से अपील की है कि गैस की कमी को लेकर फैल रही अफवाहों पर ध्यान न दें और एजेंसियों के बाहर अनावश्यक भीड़ एकत्रित न करें।
































































































