आज बूथ के लिए रवाना होंगी पोलिंग पार्टियां

0
200

बक्सर खबर। 19 मई को लोकसभा चुनाव के लिए मतदान होना है। इसकी तैयारी जिला प्रशासन ने अपने स्तर से पूरी कर ली है। जिसका जायजा लेने के लिए जिलानिर्वाचन अधिकारी राघवेन्द्र सिंह व अन्य पदाधिकारियों ने सभी विधानसभा मुख्यालयों का दौरा किया। क्योंकि विधानसभा वार ही मतदान दल को रवाना किया जाना है। इसके लिए जिले में चार केन्द्र बनाए गए हैं। सूचना के अनुसार 17 मई को ही सभी पोलिंग पार्टियों ने अपने-अपने निर्धारित केन्द्र पर योगदान किया। 18 को उन्हें मतदान सामग्री देकर बूथ के लिए रवाना किया जाएगा। पोलिंग पार्टियों को ईवीएम लेकर नहीं जाना है। उन्हें पीसीसीपी दल बूथ पर ही ईवीएम उपलब्ध कराएगा। डीएम के अनुसार 19 मई की सुबह सात बजे तय समय से प्रत्येक बूथ पर मतदान प्रारंभ हो जाएगा।

इस बार लोकसभा क्षेत्र में कुल 1856 बूथ बने हैं। उनके लिए इतनी ही संख्या में ईवीएम का प्रयोग होगा। वैसे प्रशासन ने 260 ईवीएम रिजर्व में रखा है। अगर कहीं मशीन में खराबी आई तो तत्काल उसे बदला जा सके। आपको हम यह भी बता दें कि इस बार के चुनाव में कुल 18 लाख 19 हजार 076 मतदाता वोट डाल सकेंगे। इनमें 9 लाख 61 हजार 442 पुरुष, 8 लाख 57 हजार 613 महिला मतदाता हैं। 21 मतदाता थर्ड जेंडर के हैं। इसकी जानकारी जिला निर्वाचन अधिकारी राघवेन्द्र सिंह ने शुक्रवार की शाम प्रेस वार्ता आयोजित कर दी। उनके अनुसार इस बार जिले में कुल 23 आदर्श मतदान केन्द्र बने हैं। इनमें से दो केन्द्र जिला मुख्यालय में हैं। जहां विकलांग लोगों के लिए विशेष सुविधा होगी। अन्य 21 मतदान केन्द्रों पर महिला कर्मचारी तैनात रहेंगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here