सुनी हो गई सुहागन की कलाई, कौन बना कसाई

0
1567

बक्सर खबर। पत्नी और बच्चों से मिलने डुमरांव आ रहे युवक को किसी अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। डुमरांव पथ पर ट्रेनिंग कालेज के पास यह दुर्घटना शनिवार की सुबह साढ़े आठ बजे के लगभग हुई। घायल सत्येन्द्र प्रसाद (35) को लेकर लोग डुमरांव अस्पताल पहुंचे। जहां उसने दम तोड़ दिया। मौके पर पहुंची पुलिस ने उसके पास से मिले कागजात के आधार पर उसकी पहचान रोहतास जिला के दावथ थाना अंतर्गत गोठनी गांव निवासी के रुप में की। उसके पास से मिले नंबर पर बात की गई तो पता चला कि युवक डुमरांव ही आ रहा था। उसकी ससुराल तिवारी टोला दक्षिणी डुमरांव में है।

उसके ससुर जनार्दन प्रसाद के घर सूचना गई तो जैसे मुसीबतों का पहाड़ टूट पड़ा। पत्नी फुलकुमारी को जब पता चला कि उसके पति के मौत हो गई है। वह सदमे से बेहोश हो गई। पूरा परिवार दहाड़ मार रोने लगा। मौके पर जब लोग पहुंचे तो देखा फुलकुमारी अचेत पड़ी है। उसकी कलाई सुनी हो चुकी है। घर वाले रो रहे हैं। वहां आस-पास मौजूद लोग बातें कर रहे थे। तीन दिन पहले ससुराल आया था। शुक्रवार को भांजी की शादी में शामिल होने गया था। वहीं से पुन: वापस पत्नी और बच्चों के पास लौट रहा था। संभवत: सड़क पार करने के दौरान किसी वाहन ने टक्कर मार दी। पता नहीं लोग इस तरह वाहन क्यूं चलाते हैं। उनकी लापरवाही से कोई सुहागन बेवा हो जाती है। बच्चे असमय अनाथ हो जाते हैं।

add

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here