खुलासा : पंचायत सचिव की हत्या में बगेन मुखिया का हाथ

0
5981

-पुलिस ने की रेड, छत से कूदकर भागा, दो गिरफ्तार
बक्सर खबर। पंचायत सेवक श्याम किशोर सिंह की हत्या में बगेन मुखिया रंजीत कुमार का हाथ है। यह शक परिजनों ने जताया था। पुलिस भी अब इस नतीजे पर पहुंच गई है। इसमें तीन लोग मुख्य रुप से शामिल थे। जिनकी तलाश में पुलिस ने शुक्रवार की रात छापामारी की। मुखिया तो भागने में सफल रहा। लेकिन, उसके चाचा भरत चौधरी एवं एक अन्य युवक गुड्डू कुमार को गिरफ्तार कर लिया गया है। पाठक यह जान लें। लापता पंचायत सचिव श्याम किशोर सिंह का शव रोहतास जिले के करहगर के पास 29 जुलाई को बरामद किया गया था। 30 जुलाई को जब उनका शव डुमरांव स्थित निवासी स्थान पर लाया गया। उसी समय मृतक के पुत्र ने बताया कि इसमें बगेन मुखिया का हाथ हो सकता है।

प्राथमिकी के अनुसार 27 जुलाई की सुबह श्याम किशोर सिंह डुमरांव स्थित अपने आवास से ब्रह्मपुर के लिए निकले थे। उनके जिम्में पांच-छह पंचायतों का प्रभार था। घर से जाने के कुछ घंटे बाद ही उनका फोन बंद हो गया था। एक दिन बाद 28 को उनके पुत्र ने इसकी शिकायत डुमरांव थाने में दर्ज करायी थी। 29 तारीख को उनका शव बरामद हो गया। एसपी यूएन वर्मा भी पूछताछ के लिए डुमरांव पहुंचे थे। पुलिस इस हत्याकांड को लेकर काफी सक्रिय थी। सरकारी कर्मी की हत्या उसके लिए चुनौती बनी हुई थी। बीती रात नगर थाना क्षेत्र के सोहनी पट्टी इलाके में छापामारी हुई। वहां  से दो लोग गिरफ्तार किए गए। रंजीत आपराधिक इतिहास वाले मिल्लू चौधरी का पुत्र है। पिता की हत्या के समय ही वह मुखिया बना। बक्सर के सोहनी पट्टी इलाके में स्कूल भी चलाता था। फिलहाल गिरफ्तार लोगों से पूछताछ जारी है। क्या सच निकलकर सामने आता है। उसका खुलासा भी पुलिस जल्द करेगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here