पेड़ से लटका मिला अधेड़ का शव, लोगों ने जताई हत्या की आशंका

0
898

बक्सर खबर। राजपुर पुलिस के लिए गुरुवार की सुबह चुनौतियों से भरी रही। थाना से महज कुछ किलोमीटर की दूरी पर स्थित जदपुरा गांव के चौकीदार ने खबर दी एक व्यक्ति ने फांसी लगा ली है। गांव के बाहर स्थित पीपल के पेड़ से उसका शव लटका हुआ है। सूचना मिलते ही पुलिस की टीम वहां पहुंची। वहीं दूसरी तरफ गांव के लोग भी घटनास्थल के पास बड़ी तादाद में जमा हो गए। सबने देखा विंध्याचल राजभर(50) पुत्र विश्वनाथ राजभर पेड़ से लटका हुआ है। मौके पर मौजूद लोगों ने बताया ऐसा ज्ञात हो रहा है अपनी ही लुंगी से उसने फांसी लगा ली है।

लेकिन कुछ लोगों ने यह आशंका जताई कहीं विंध्याचल की हत्या तो नहीं की गई। क्योंकि उसके पैर जमीन पर टिके हुए थे। पास में ही उसके चप्पल भी पड़े थे। जमीन पर उसके पैरों के निशान भी स्पष्ट नहीं हो रहे। उसका शव कुछ इस अंदाज में दिख रहा था मानो जमीन पर खड़ा है। यही परिस्थितियां लोगों को सोचने पर बाध्य कर रही थी कहीं यह हत्या तो नहीं। सूत्रों की मानें तो राजपुर का जदपुरा गांव इलाके का चर्चित गांव है। यहां कभी इनामी दस्यु सरगना सुरेश राजभर रहा करता था। उसके शागिर्द त्रिभुवन एवं इंद्रजीत कोइरी भी यहां पनाह पाते थे। यहां पुलिस और अपराधियों के बीच कई बार आमना सामना भी हो चुका है। इन घटनाओं पर नजर डालें तो यह मौत भी किसी अनहोनी की तरफ इशारा करती है। लेकिन विंध्याचल की मौत अगर आत्महत्या है तो इन अटकलों पर विराम भी लग सकता है। सूचना के अनुसार पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेजने की तैयारी कर ली है।

add

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here