हत्या से पहले मासूम बच्चों का हुआ था अपहरण, मांगी थी दो लाख फिरौती

0
1012

बक्सर खबर : राजपुर थाना के खिरी गांव में दो मासूम बच्चों की हत्या से पूरा गांव दहशत में है। हर व्यक्ति की जबान पर यह प्रश्न है। क्यूं और किसने मारा इन मासूमों को? इसका जवाब फिलहाल न परिवार वालों के पास है न पुलिस के पास। इस बीच कुछ ऐसी जानकारी सामने आई है। जिससे लोग हतप्रभ हैं। मासूम सोहित पाल व भोलू पाल का अपहरण 19 तारीख को ही कर लिया गया था। इनके भोलू के पिता सुरेश एवं सोहित के पिता मुरारी के बयान पर पुलिस ने 19 को ही अपहरण की प्राथमिकी दर्ज कर ली थी। शनिवार की सुबह जब इनका शव कुएं से मिला। सभी लोग अवाक रह गए। पुलिस भी मौके पर पहुंची। शवों को बाहर निकाला गया। उसे पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। पुलिस के अनुसार शवों से बदबू आ रही थी। अर्थात यह घटना शुक्रवार रात से पहले की है। उनका शव खिरी गांव से दूर हकारपुर गांव के समीप पथेरवा पुल के पास कुएं से मिला। इस बीच दोपहर बाद एक महिला ने गांव वालों को सूचना दी।

गांव के मंदिर से एक पत्र मिला है। जिसमें अपहरण के एवज में दो लाख रुपये फिरौती की मांग की गई है। हत्या के बाद इस तरह का पत्र कोई अपहरण कर्ता क्यूं किसी को देगा। यह बात पुलिस को भी हैरान कर रही है। पत्र को फिलहाल पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया है। उसकी जांच भी चल रही है। वहीं शव की हालत बयां कर रही है कि गुरुवार की रात ही बच्चों की हत्या कर दी गई होगी। इस बीच परिजनों के बयान पर अपहरण के मामले को हत्या में तब्दील कर दिया गया है। इस पूरे घटना क्रम से पर्दा उठने का सभी को इंतजार है। जो पुलिस जांच और पोस्टमार्टम के बाद ही पता चलेगा। बच्चों की हत्या कब और कैसे हुई। फिलहाल अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। थानाध्यक्ष ने इतना ही बताया। फिरौती के पत्र पर किसका नाम है। इसका खुलासा भी नहीं हुआ है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here