आपसी रंजिश में युवक की हत्या, नया बाजार मोड़ जाम

0
8639

बक्सर खबर। नया बाजार में आज सुबह शनिवार को युवक की हत्या कर दी गई। अमरजीत यादव (24) पुत्र मदन यादव को केके मंडल जाने वाले रास्ते में मारा गया। घटना लगभग नौ से साढ़े नौ बजे के बीच की बताई जा रही है। युवक को छह-सात गोलियां मारी गई हैं। कुछ सर में और कुछ सीने में लगी। पहले उसे सदर अस्पताल ले जाया गया। वहां से अनारकली अस्पताल। लेकिन, उसे बचाया नहीं जा सका। हत्या से आक्रोशित लोगों ने फिलहाल नया बाजार मठिया मोड़ को जाम कर रखा है। आक्रोशित लोगों को समझाने के लिए डीएसपी सदर सतीश कुमार, नगर कोतवाल समेत जनप्रतिनिधि भी पहुंचे हुए हैं।

मौके पर लोगों को समझाते डीएसपी

-पड़ोस के युवक पर लग रहा है आरोप
बक्सर खबर। अमरजीत की हत्या का आरोप पड़ोस के रहने वाले राकेश यादव समेत पांच लोगों पर लग रहा है। चश्मदीद बता रहे हैं कि हत्यारे पांच की संख्या में थे। केके मंडल कालेज जाने वाले रास्ते में तालाब के पास ही इन लोगों ने उसे निशाना बनाया। राकेश यादव के पिता फागु यादव कुछ दिन पहले जेल गए थे। उस मामले में अमरजीत का हाथ था। यह कहते हुए पहले भी हमलावर पीडि़त परिवार को धमकी दे चुके थे। उसी रंजिश में हत्या को अंजाम दिया गया है।

टायर जला सड़क जाम करते लोग

बीए का छात्र था युवक
बक्सर खबर। अमरजीत यादव महज चौबीस वर्ष का था। वह बीए का छात्र था। कुछ लोग बता रहे थे कि वह बीच में प्राइवेट नौकरी करने दिल्ली चला गया था। कुछ दिन पहले ही वापस आया था। यहां का माहौल देख वह पुन: वापस जाने की योजना बना रहा था। इसी बीच इन लोगों ने साजिश के तहत उसे निशाना बना दिया। पुलिस इस मामले में पांच के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर रही है। हमलावर का घर भी पास में ही है। उसका परिवार वहां से फरार है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here