हाले मई : 2 को अपराधियों ने 9 को अपनों नें मौत के घाट उतारा

0
1533

बक्सर खबर। अपराध बढ़ा है, जिसके कारण जिला अशांत हो गया है। लेकिन जो तथ्य सामने आए हैं। वह लोगों को अपने अंदर झांक कर देखने की नसीहत देते हैं। मई माह के दौरान 11 लोगों की हत्या हुई है। इसमें दो की हत्या योजना बद्ध तरीके से हुई है। अर्थात उनको अपराधियों ने गोली मारी है। अन्य नौ की हत्या अपनों नें ही किसी न किसी विवाद में कर दी।

ऐसा लगता है लोग निर्दयी होते जा रहे हैं। जरा-जरा ही बात पर मौत के घाट उतार देते हैं। यह हाल है मई महीने का। इस माह पर नजर डाले तो यह भी पता चलता है जितने लोग गोली से नहीं मारे गए। उससे कहीं ज्यादा की हत्या घरेलू हिंसा में हुई है। क्योंकि एक किशोरी समेत 5 महिलाओं की हत्या मई में हुई है।

add

वहीं पुलिस ने विभिन्न आरोप में 231 लोगों को गिरफ्तार किया है। कई कांड के अभियुक्तों ने न्यायालय में स्वयं समर्पण किया है। इसके अलावा शराब तस्करी, बेचने और पीने के आरोप 95 को जेल भेजा गया है। कुल 2256 लीटर शराब बरामद हुई है। यह सब होने के बावजूद भी लोगों की मानसिकता में बदलाव नहीं आ रहा है। अपराध बढ़ता ही जा रहा है।

गोली , हत्या

एक नजर हत्या के आंकड़ों पर
बक्सर : सात मई को पहली हत्या लखमुनिया देवी की हुई। तिलकराय हाता ओपी के उसी गांव में घर में ही पीट-पीटकर मार डाला गया। आरोप लगा पुत्र ने ही मां की हत्या कर दी। आठ मई को शहर के बस स्टैंड के पास सोनू की हत्या हो गई। गोली मारने वालों को मौके पर ही पकड़ लिया गया। हत्यारे कोई और नहीं मुहल्ले के ही युवक निकले। उसी दिन चक्की के लहना गांव में दहेज लोभियों ने नेहा की हत्या कर दी। घटना का पता अगले दिन चला। जब उसके पिता ने पुलिस से शिकायत की। आठ मई की रात ही धनसोई थाना के दयालपुर गांव में गोरख राम की हत्या कर दी गई। वे अपने घर के बाहर सो रहे थे। नौ मई को सिमरी थाना के मानिकपुर गांव में सुनील पांडेय की हत्या कर दी गई। गांव की आपसी रंजिश का वह युवक शिकार हो गया। 12 मई को राजपुर के डिहरी गांव में पूजा की हत्या देवर-देवरानी ने मिलकर कर दी। 16 मई को शोभा कुमारी की हत्या सरेंजा गांव में कर दी गई। उसकी लाश तालाब में मिली। बाद में पता चला वह गर्भवती थी, मांता-पिता ने ही उसकी हत्या कर लाश को वहां फेंक दिया था।

16 मई की शाम में नावानगर थाना के पिलापुर में भूमि विवाद के कारण मारपीट हुई। जहां लाठी से पीटकर पूर्व फौजी बबन यादव की हत्या कर दी गई। 18 मई रात नौ बजे इटाढी गुमटी पर खूंटी यादव की हत्या कर दी गई। जमीन विवाद में हत्या हुई, जिसे अपराधियों ने अंजाम दिया। 20 मई को ममता देवी की हत्या नावानगर के पछियारी गांव में हुई। घर वालों ने ही उसे पीटकर मारा डाला। 28 मई को सिमरी थाना के सैहार गांव में मधु कुमारी की हत्या पति और सास-ससुर ने मिलकर कर दी। मायके वालों के अनुसार संतान न होने के कारण उसकी हत्या की गई है।

बक्सर एसपी राकेश कुमार

क्या हुई पुलिस कार्रवाई, बकौल एसपी
बक्सर : मई माह के दौरान जो हत्याएं हुई। उनमें पुलिस कार्रवाई और जांच किस नतीजे पर है। यह पूछने पर कप्तान राकेश कुमार ने बताया अधिकांश घटनाएं आपसी कलह का परिणाम हैं। पुलिस अपने स्तर से कार्रवाई कर रही है। अज्ञात मामलों में बगैर जांच के किसी को गिरफ्तार कर जेल नहीं भेजा जा सकता। जो लोग नामजद हैं उनकी गिरफ्तारी हो रही है। पुलिस ने मई माह के दौरान विभिन्न मामलों में 231 लोगों को गिरफ्तार किया है। इसके अलावा छह असलहे व 49 जिंदा कारतूस जब्त किए गए हैं। शराब कारोबार पर अंकुश लगाने का प्रयास भी जारी है। मई माह के दौरान 2256 लीटर शराब बरामद हुई। इस आरोप में कुल 95 लोगों को गिरफ्तार किया गया है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here