‌‌‌भूमि विवाद में जमकर गोलीबारी, छावनी में तब्दील हुआ गांव

0
3613

-बीडीसी समेत चार लोग गिरफ्तार
बक्सर खबर। भूमि विवाद को लेकर सिमरी अंचल के तिलक राय हाता गांव में आज सोमवार को दो पक्ष आमने-सामने आ गए। वाकया अपराह्न चार बजे के लगभग हुआ। एक पक्ष से लालजी यादव बीडीसी सदस्य एवं दूसरे पक्ष से गोपाल यादव आमने-सामने आ गए। दोनों तरफ से लगभग तीस चक्र गोलियां चलीं। पूरे गांव में अफरातफरी मच गई। लोगों ने गांव में स्थित तिलक राय हाता ओपी को सूचना दी।

मौके पर पहुंचे डुमरांव डीएसपी केके सिंह

गोलियों की आवाज सून सिमरी थाने को सूचना दी गई। डुमरांव अनुमंडल के डीएसपी केके सिंह व सिमरी थाने की टीम जुनैद आलम के साथ वहां पहुंची। पूरा गांव पुलिस छावनी में तब्दील हो गया। यह देखकर विवाद करने वाले जहां-तहां छीप गए। पुलिस ने कुछ लोगों की तलाश की। उन्हें बाहर निकाला गया। इस बीच दोनों पक्ष के लोग एक दूसरे पर टूट पड़े। लेकिन, पुलिस ने उन्हें हिरासत में ले लिया।

सूचना के अनुसार बीडीसी सदस्य लालजी यादव, संतोष व मंतोष समेत चार लोग पकड़े गए हैं। जबकि दूसरे पक्ष के मुख्य आरोपी गोपाल यादव भागने में सफल रहे। जांच में पता चला, यह विवाद जमीन के लिए है। गांव में ही लगभग साढ़े चार कट्ठे का एक भूखंड है। जो माधव श्रीवास्तव का है। वे लोग बाहर रहते हैं। इस बीच यहां दोनों लोग उसपर कब्जा जमाने के फिराक में थे। आज एक पक्ष वहां पलानी डाल रहा था। दूसरे पक्ष ने उसे रोका। फिर क्या था, चलने लगी गोली। डीएसपी केके सिंह ने पूछने पर कहा, कुछ और लोगों को गिरफ्तार किया जाएगा। अगर लाइसेंसी हथियार इनके पास हुए तो उसके विरूद्ध भी कार्रवाई होगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here