‌‌‌मतदान के प्रतिशत में बदलाव, रामगढ़ और बक्सर में सबसे अधिक पड़े वोट

0
967

बक्सर खबर। लोकसभा चुनाव के दौरान जिले में हुए कुल मतदान का प्रतिशत पुन: संशोधित किया गया है। सूचना के अनुसार लोकसभा क्षेत्र के सभी छह विधानसभा क्षेत्रों में 54. 03 प्रतिशत मतदान हुआ है। रविवार की शाम प्रशासन द्वारा रिपोर्ट में 56.6 प्रतिशत मतदान की जानकारी मिली थी। लेकिन, उसी वक्त यह भी कहा गया था कि इस आंकड़े में बदलाव भी संभव है। क्योंकि कुछ विधानसभा क्षेत्रों से मतदान का सही प्रतिशत ज्ञात नहीं हुआ है। आज सोमवार जिला जनसंपर्क कार्यालय ने यह सूचना जारी की। जिसमें बताया गया है कि कुल 18 लाख 19 हजार 76 मतदाता में से 9 लाख 81 हजार 81 लोगों ने मतदान किया है। इसमें पुरुष मतदाता की संख्या 5 लाख 43 हजार 553 है। कुल 4 लाख 37 हजार 528 महिला मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया है।

अगर हम विधानसभा वार मतदान का जिक्र करें तो सर्वाधिक मतदान रामगढ विधानसभा में हुआ है। वहां 58.54 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया है। दूसरे नंबर पर है बक्सर विधानसभा। यहां कुल 56.17 प्रतिशत मतदान रिकार्ड हुआ है। 2 लाख 86 हजार 811 मतदाता में से 1 लाख 61 हजार 90 लोगों ने मतदान किया है। राजपुर विधानसभा तीसरे नंबर पर है। यहां 3 लाख 19 हजार 349 मतदाता में से 1 लाख 75 हजार 775 लोगों ने मतदान किया है। जो विधानसभा के कुल मतों का 55.04 प्रतिशत है। इसी तरह ब्रह्मपुर विधानसभा में 1 लाख 76 हजार 526 लोगों ने मतदान किया है। जिसका प्रतिशत 53.12 है। डुमरांव विधानसभा के 313612 मतदाताओं में से 1 लाख 65 हजार 934 लोगों ने मतदान किया है। जिसका प्रतिशत 52.19 है। सबसे कम दिनारा विधानसभा में मतदान हुआ है। वहां कुल मतदाताओं की संख्या 2 लाख 97 हजार 299 है। इसमें से 1 लाख 43 हजार 855 लोगों ने मतदान किया है। यहां का प्रतिशत 48.39 है। अगर हम लोक सभा चुनाव 2014 की बात करें तो इस बार का मतदान प्रतिशत उस बार से भी कम है। उस वक्त 54.44 प्रतिशत लोगों ने मतदान किया था। हालाकि विधानसभा चुनाव से अधिक मतदान इस बार के लोकसभा चुनाव में दर्ज किया गया है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here