गंगा फिर उफान पर, चेतावनी सीमा के उपर पहुंचा पानी

0
715

बक्सर खबर। एकबार फिर गंगा का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। पिछले चौबीस घंटे के दौरान इतना पानी बढ़ा है कि वर्तमान जलस्तर चेतावनी सीमा को पार कर गया हैं। केन्द्रीय जल आयोग के कर्मी कन्हैया कुमार ने बताया कि आज शनिवार को अपराह्न चार बजे जलस्तर 59॰54 तक पहुंच गया था। बढ़ने की गति प्रति घंटा 2 सेमी है। आपको हम बता दें कि जिले में चेतावनी लेबल 59॰32 एवं खतरे का निशान 60॰32 मीटर है। इस बार पानी बढ़ने की गति ज्यादा तेज है। पिछले चौबीस घंटे के दौरान पानी अचानक से चेतावनी सीमा को पार कर गया। गंगा में पहले से पर्याप्त पानी बह रहा था। इस लिए इस बढ़ाव का प्रभाव चौबीस घंटे में ही दिखने लगा।

पूछने पर स्थानीय अधिकारियों ने इसका कोई कारण नहीं बताया। लेकिन, अन्य स्त्रोतों से प्राप्त सूचना के अनुसार यह स्थिति मध्य प्रदेश में हुई भारी बारिश के कारण पैदा हुई है। वहां के केन व बेतवा नदी में बहुत ज्यादा पानी बह रहा है। जिसका दबाव यमुना नदी पर पड़ा है। वह पानी प्रयागराज के पास गंगा में आ रहा है। इस बीच माताटीला बांध से 4॰14 लाख क्यूसेक व बरियारपुर बांध से 1॰72 लाख क्यूसेक पानी छोड़ा गया है। जिसका दबाव गंगा में बढ़ा है। ताजा जानकारी के अनुसार वाराणसी में 4 सेमी पानी प्रति घंटा की रफ्तार से बढ़ रहा है। अर्थात बक्सर में भी फिलहाल पानी का बढ़ना जारी रहेगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here