फेसबुक पर लड़कियों को करता था तंग, यूपी पुलिस पहुंची तो मचा हड़कंप

0
1823

बक्सर खबर। फेसबुक पर फर्जी एकाउंट बनाकर लड़कियों को झांसा देने वाला शातिर शनिवार को पुलिस के हत्थे चढ़ गया। मामला नया भोजपुर ओपी के भोजपुर गांव का है। शनिवार को जब यूपी के साइबर क्राइम की टीम जिले में पहुंची तो यहां की पुलिस के कान भी खड़े हो गए। पुलिस जिसको गली का छिछोरा समझ रही थी। वह साइबर क्राइम की दुनिया का बड़ा विलेन निकला। गिरफ्तारी से पहले उसने पुलिस को खूब छकाया। लेकिन, उसे पुलिस ने दबोच लिया। नया भोजपुर और यूपी पुलिस ने उससे घंटो पूछताछ की। जांच के दौरान पता चला यहां भी उसने बहुत गुल खिलाए हैं। इस लिए उसे फिलहाल यूपी नहीं भेजा गया। वहां की पुलिस बाद में उसे रिमांड पर लेगी।

लड़कियों को करता है ब्लैक मेल, देवरिया की पुलिस ने मारा छापा
बक्सर खबर। भोजपुर का रहने वाला अख्तर खान लड़कियों को बदनाम करता है। जांच के दौरान पता चला कि उसके खिलाफ यहां भी पूर्व से तीन-चार मामले दर्ज हैं। एक बार पुलिस ने गिरफ्तार किया था। तब उसने झांसा दिया। प्रेम का मामला है। पुलिस ने मामले को गंभीरता से नहीं लिया और उसे जमानत मिल गई। लेकिन इस बीच देवरियां की लड़की की तस्वीर सोशल मीडिया पर डाली। जिसमें कई चित्र अश्लील थे। उसके परिवार वालों ने मुकदमा किया। यूपी पुलिस ने जांच की तो पता चला। ऐसा करने वाला अख्तर खान बिहार का रहने वाला है। पुलिस ने यहां धावा बोला।
पुलिस हो गई परेशान
बक्सर खबर। जब यूपी की पुलिस यहां पहुंची तो जिला की पुलिस परेशान हो गई। उस वक्त एसपी की क्राइम बैठक चल रही थी। तत्काल नया भोजपुर ओपी के प्रभारी सुनील कुमार निर्झर को बैठक से भोजपुर भेजा गया। वहां पता चला कि यह लड़का फेसबुक से जुड़े लोगों के अकाउंट खंगालता है। अगर कोई लड़की किसी के मित्र सूची में दिखी। वह अगर सुंदर हो तो उसकी फोटो सेव कर लेता था। फिर फोटो शॉप से उसकी गलत अश्लील तस्वीर बना उसके एकाउंट पर पोस्ट करता था। ऐसा कर वह लड़कियों को बदनाम और प्रताडि़त करता था। यह उसकी पहली हरकत नहीं थी। नया भोजपुर ओपी में भी उसके खिलाफ पूर्व से चार मामलेे दर्ज हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here