‌‌‌शिक्षक बहाली का रोस्टर जारी नहीं होने से आवेदक निराश

0
806

बक्सर खबर। शिक्षक बहाली का रोस्टर नहीं जारी होने से आवेदक निराश हैं। जैसा की सरकार ने पहले से निर्धारित कर रखा है। 16 अक्टूबर तक आवेदन जमा करना है। वह समय बहुत ही नजदीक आ गया है। बावजूद इसके अपने जिले में अभी तक नियोजन ईकाइयों को ही पता नहीं है कि किसके यहां कितनी सीटें हैं। इस सप्ताह सोमवार को जिलाधिकारी की हुई बैठक में शिक्षा विभाग ने कहा था। रोस्टर तैयार है। अगर तैयार है तो जारी क्यूं नहीं हो रहा? किसके स्तर से देरी हो रही है। यह प्रश्न सबके जेहन में कौंध रहा है। क्योंकि तय तिथि आने में बहुत वक्त नहीं बचा। साथ ही त्योहार की छुटि्टयां भी हैं।

ऐसे में आवेदकों को परेशानी होनी तय है। जानकारों की माने तो कम से कम एक माह का समय आवेदकों के पास होना चाहिए। लेकिन यहां तो यह स्थिति हो गई है। किसी के पास दस दिन का समय भी नहीं होगा। सूत्रों की माने तो जिले में लगभग 1800 रिक्तियां हैं। इसमें लगभग 1100 पद प्राथमिक विद्यालय के हैं। अर्थात पंचायतों में आवेदन जमा होंगे। जिले में कुल पंचायतों की संख्या 142 है। दो नगर परिषद एवं 11 प्रखंड हैं। अर्थात नियोजन ईकाइयां 155 हैं। अगर रिक्तियां सभी जगह की हुई तो आवेदकों को पूरे जिले का चक्कर लगाना पड़ सकता है। बहरहाल इन अटकलों के बीच महत्वपूर्ण यह है कि विभाग रोस्टर जारी करे। उसके बाद ही कुछ हो पाएगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here