हड़ताली एंबुलेंस चालकों ने किया अद्र्धनग्न प्रदर्शन

0
97

-अस्पताल के डाटा आपरेटर भी हैं अनिश्चित कालीन हड़ताल पर
बक्सर खबर। सदर अस्पताल इन दिनों हड़ताली कर्मचारियों का अखाड़ा बना हुआ है। लंबे समय से वेतन नहीं मिलने के कारण खफा डाटा आपरेटर पिछले माह से ही हड़ताल पर हैं। अब एंबुलेंस चालक भी इसमें शामिल हो गए हैं। इस वजह से रोगियों को भारी परेशानी उठानी पड़ रही है। प्रशासन द्वारा मांगों की अनदेखी किए जाने से खफा एंबुलेंस चालकों ने आज सोमवार को अद्र्ध नग्न होकर प्रदर्शन किया। इतना ही नहीं प्रशासन के खिलाफ नारे लगाते हुए अपना सर के बाल भी कटाए। विरोध के इस अनोखे तरीके को अपनाकर एंबुलेंस चालकों ने अपनी एकजुटता का परिचय दिया।

उनका कहना था हमारे वेतन का भुगतान हो। राज्य स्वास्थ्य समिति में हमें शामिल किया जाए। साथ ही हमारी ड्यूटी का समय निर्धारित किया जाए। आठ घंटे से अधिक की अवधि तक काम करने पर हमें अतिरिक्त मानदेय मिले। लंबे समय से चली आ रही मांग को देखते हुए आज एसडीओ केके उपाध्याय उनके बात करने सदर अस्पताल पहुंचे। उन्होंने कम्प्यूटर आपरेटर और एंबुलेंस चालकों से अलग-अलग बात की। लेकिन, आपरेटरों और चालकों की हड़ताल समाप्त नहीं हुई। उनका मानना है इस बार संघर्ष आर-पार का होगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here