दहशत में महिलाऐं: दिल्ली व हरियाणा के बाद डुमरांव में कटी चोटी

0
7181

बक्सर खबरः दिल्ली, हरियाणा तथा पश्चिमी यूपी के बाद डुमरांव में भी चोटीकटवा की घटना सामने आई है। संभवतः बिहार में पहली घटना की शिकार बनी आठवी कक्षा की छात्रा । वह स्कूल  से आने के बाद शाम में अपनी मां के साथ सो रही थी। अचानक उसके बाल कटकर बिस्तर पर आ गिरे थे। डुमरांव के दक्षिण टोला निवासी सिमरन पिता प्रेमचंद राय महारानी उषारानी बालिका मध्य विद्यालय में पढ़ती है। शनिवार को वह स्कूल से आने के बाद खाना खाकर मां के साथ बरामदे में सो रही थी। करीब पांच बजे जब उसकी छोटी बहन अदिती ट्यूशन पढ़कर घर आई तो देखा की दीदी का बाल कटकर बिस्तर पर गिरा है। उसने शोर मचा घरवालों को इसकी जानकारी दी।

तबतक सिमरन तथा उसकी मां की नींद  खुल गई।  परिजनों में इस रहस्यमय घटना का खौंफ भर गया। जंगल की आग की तरह यह बात आस-पास में फैल गई। नगर के कोने-कोने से लोग आने लगे। रहस्यमय तरीके से उसके बाल कटने से लोगों में भय व्याप्त हो गया है। हालांकि लोगों में कई तरह की चर्चाएं है। सिमरन ने बताया कि वह खाना खाकर सो गई थी। उसके बाल कैसे कटे उसे पता नहीं चला। बता दें कि इन दिनों दिल्ली, हरियाणा, पश्चिमी उत्तर प्रदेश समेत देश के कई हिस्सों में चोटीकटवा की घटना तेजी से फैल लोगों में खौफ पैदा कर रही है। डुमरांव में इस घटना के सामने आने के बाद कस्बाई क्षेत्र के लोग भी एक अनजाने भय से सहम गए है। कई लोगों की रात की नींद व दिन का चैन गायब हो गया है। गौरतलब है कि एक दशक पूर्व ऐसे ही मुंहनोचवा की घटना ने लोगों का चैन छिन लिया था। लेकिन वह अफवाह साबित हुई थी। बहरहाल इस मामले के सामने आने के बाद सच्चाई जानने के लिए लोगों की उत्सुकता बढ़ गई है। इस संबंध में डुमरांव थानाध्यक्ष ने ऐसी किसी घटना से अनभिज्ञता जताते हुए इसे अफवाह बताया तथा लोगों से ऐसी घटनाओं पर विश्वास नहीं करने की बात कही।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here