खुले में शौच करने वालों को नहीं मिलेगा राशन

0
1205

बक्सर खबर : अपने घरों में लोग शौचालय का निर्माण करा लें। खुले में शौच करते पाए गए तो आपको सरकारी दर पर मिलने वाला राशन नहीं दिया जाएगा। फिलहाल यह कदम केसठ प्रखंड में उठाया गया है। तीन पंचायतों वाले छोटे प्रखंड को तीस नवम्बर तक खुले में शौच मुक्त पंचायत बनाने का लक्ष्य रखा गया है। यहां के प्रभारी पदाधिकारी बने जिला कृषि पदाधिकारी रणवीर सिंह लगातार कैंप कर रहे हैं। डीएम रमण कुमार सप्ताह में तीन से चार दिन यहां का चक्कर लगा रहे हैं। उनका लक्ष्य है। लोहिया स्वच्छता मिशन के तहत इस प्रखंड को जिले का प्रथम निर्मल प्रखंड घोषित किया जाए। अभियान को सफल बनाने के लिए यह सख्त निर्देश जारी किया गया है। सूचना के अनुसार शनिवार को जो लोग राशन के लिए जन वितरण प्रणाली के दुकान पर गए। उन्हें वापस भेज दिया गया। पूछने पर प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी ने कहा ऐसा लोगों को प्रेरित करने के लिए किया गया है। वहीं दूसरी तरफ सुबह और शाम के वक्त खुले में शौच करने वालों को ऐसा करने से रोकने का प्रयास किया जा रहा है। इस कार्य में शिक्षक, आंगनबाड़ी व टोला सेवकों को लगाया गया है। उन्हें टार्च और ह्वीसील दी गयी है। जिससे बजाकर वे ऐसा करने वालों को रोकने का प्रयास करेंगे। शनिवार की सुबह इस अभियान में शिक्षिका रामप्यारी देवी, टोला सेवक फिरोज आलम व सुनील कुमार तथा आंगनबाड़ी कर्मी मीना देवी व आशा देवी एक साथ लगे देखे गए।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here