बक्सर का बढ़ा मान : आइएएस का ट्रेनिंग सेंटर बना जिला

0
2101

बक्सर खबर : इस गणतंत्र दिवस पर एक और अच्छी खबर आई है। भारतीय प्रशासनिक अकादमी ने प्रशिक्षु आइएएस के  प्रशिक्षण के लिए बक्सर का चयन किया है। बिहार के बक्सर को सभी ने अन्य जिलों से बेहतर माना है। इस कड़ी में दूसरी दफा चार प्रशिक्षु प्रशासनिक पदाधिकारी यहां प्रशिक्षण लेने आए हैं। वे दस दिनों तक यहां प्रशिक्षण लेंगे। इन चार युवा अधिकारियों की सूची लाल बहादुर शास्त्री राष्ट्रीय प्रशासनिक अकादमी मसूरी ने जिले को भेजी है। उनमें आशीष तिवारी, विशाल सिंह, देवेष यादव व अमित यादव शामिल हैं। इन्हें इस माह की 23 तारीख को ही यहां भेजा गया है। तीन फरवरी तक वे विभिन्न कार्यो का प्रशिक्षण लेंगे। बुधवार को गणतंत्र दिवस की मुख्य परेड में शामिल रहे। शाम में नगर भवन में आयोजित सांस्कृतिक संध्या कार्यक्रम में उन्हें शामिल होना था। 27 जनवरी को पुलिस अधीक्षक के कार्यालय में शस्त्र सत्यापन, पास्पोर्ट सत्यापन आदि कार्यो से जुड़ी दक्षता प्राप्त करेंगे। इस क्रम में उन्हें वीवीआइपी दौरे का भी प्रशिक्षण मिलेगा। जिसके तहत तीस जनवरी को राजपुर में होने वाले मुख्यमंत्री के कार्यक्रम में विधि व्यवस्था संधारण की जानकारी लेंगे। इस तरह इन्हें विभिन्न विभागों में जाकर कार्य पद्धति की वास्तविक स्थिति को जानना है। इसकी जानकारी जिलाधिकारी रमण कुमार के हवाले से मीडिया को उपलब्ध कराई गई है।
पहले भी खास रहा है जिला
बक्सर : अपना जिला पहले भी नव प्रतिनियुक्त प्रशासनिक अधिकारियों के लिए खास रहा है। जिला बनने के बाद पहली पोस्टिंग यहां दीपक कुमार की कलेक्टर के रुप में हुई थी। उसके बाद यह सिलसिला चलता रहा। तीन अधिकारियों को छोड़ दे (रशीद अहमद खान, विष्णु देव प्रसाद सिंह व कमल किशोर सिन्हा) तो सभी कलेक्टर यहां प्रथम नियुक्ति पर ही आए हैं। मौजूद दौर में विनोद गुंजियाल, अजय यादव, रमण कुमार उसी कड़ी में शामिल हैं। यह जिले की सेहत के लिए भी अच्छा है। जो नए अधिकारी यहां आते हैं। इस कड़ी में दीपक कुमार व संदीप पौंड्रिक को जिला आज भी याद करता है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here